बड़ी खबर : 19 साल बाद पुलिस को मिली बड़ी सफलता… गोधरा कांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
अहमदाबाद। गुजरात में 2002 में हुए गोधरा कांड के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। SP पंचमहल ने बताया, “साबरमती रेलवे हत्याकांड मामले के मुख्य आरोपी रफीक हुसैन भटूक को कल गोधरा SOG ने गिरफ्तार कर लिया है। रेलवे पुलिस गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी कर रही है। यह आरोपी 19 साल से भागता फिर रहा था।”
पंचमहल जिले की पुलिस अधीक्षक ने कहा कि 51 वर्षीय भटुक आरोपियों के उस मुख्य समूह का हिस्सा था जोकि पूरी साजिश में लिप्त था। भटुक पिछले करीब 19 साल से फरार था। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर गोधरा पुलिस ने रविवार रात को रेलवे स्टेशन के समीप स्थित सिग्नल फलिया के एक घर में छापेमारी की और भटुक को वहां से गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि भटुक आरोपियों के उस मुख्य समूह का हिस्सा था जिन्होंने पूरी साजिश रची, भीड़ को उकसाया और ट्रेन के कोच को जलाने के लिए पेट्रोल का इंतजाम किया।